अरुणाचल के विकास पर राज्यपाल परनाइक से नीति आयोग के सदस्य ने की चर्चा
अरुणाचल के विकास पर राज्यपाल परनाइक से नीति आयोग के सदस्य ने की चर्चा
ईटानगर, 18 सितंबर (भाषा) नीति आयोग के सदस्य जोरम अनिया ने शुक्रवार को यहां अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के टी परनाइक से मुलाकात की और सीमावर्ती राज्य में रणनीतिक योजना, बुनियादी ढांचे तथा सतत विकास के रास्तों पर चर्चा की।
राजभवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में राज्य की विशिष्ट भौगोलिक और सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों के अनुरूप नीतिगत सहयोग, संपर्क सुविधा बढ़ाने और समावेशी विकास में तेजी लाने के मुद्दों पर चर्चा हुई।
परनाइक ने कहा कि समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों, विशिष्ट जनजातीय विरासत और रणनीतिक महत्व वाले अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए क्षेत्र-विशिष्ट समाधान की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग आंकड़ों पर आधारित नीतिगत मार्गदर्शन और दीर्घकालिक दृष्टिकोण उपलब्ध कराकर ‘विकसित अरुणाचल’ और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
राज्य सरकार और राजभवन की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में की गई विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने नीति आयोग से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की संभावनाओं को सामने लाने में सहयोग का आग्रह किया।
संपर्क सुविधा को प्रगति का प्रमुख आधार बताते हुए परनाइक ने नीति आयोग से विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय कराने और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में मदद करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सड़कों, डिजिटल नेटवर्क, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और शिक्षा में निवेश से न केवल लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और राष्ट्रीय सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


