एनएलसी इंडिया की इकाई को 900 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना का ठेका

Ads

एनएलसी इंडिया की इकाई को 900 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना का ठेका

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 02:57 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएलसी इंडिया लिमिटेड की इकाई एनएलसी इंडिया रिन्यूएबल्स लिमिटेड (एनआईआरएल) को गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (जीयूवीएनएल) से 900 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने का ठेका मिला है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एनएलसी इंडिया लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि यह परियोजना शुल्क-आधारित प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से आवंटित की गई है।

कंपनी के अनुसार, इस हरित ऊर्जा परियोजना से उत्पादित बिजली की खरीद जीयूवीएनएल करेगा।

एनएलसी इंडिया लिमिटेड ने कहा, ‘‘एनआईआरएल को 900 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए जीयूवीएनएल से आशय-पत्र (एलओआई) प्राप्त हुआ है।’’

एनआईआरएल का गठन वर्ष 2023 में किया गया था।

कंपनी ने कहा कि एनआईआरएल का मुख्य उद्देश्य वर्तमान में एनएलसी इंडिया लिमिटेड के स्वामित्व वाली हरित ऊर्जा परियोजनाओं और परिसंपत्तियों का अधिग्रहण करना तथा उनका प्रबंधन करना है।

इसके अलावा, यह अनुषंगी कंपनी घरेलू और विदेशी स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा पहल को बढ़ावा देने के साथ-साथ गैर-पारंपरिक एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों पर आधारित बिजली उत्पादन प्रणालियों के विकास पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।

भाषा

यासिर अजय

अजय