वाहन कलपुर्जा उद्योग में एलपीजी की कोई बड़ी कमी नहीं: सरकार

Ads

वाहन कलपुर्जा उद्योग में एलपीजी की कोई बड़ी कमी नहीं: सरकार

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 07:14 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) वाहन कलपुर्जा उद्योग में एलपीजी की कोई गंभीर कमी सामने नहीं आई है और पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए उद्योग संगठनों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भारी उद्योग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हनीफ कुरैशी ने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी बैठक में कहा कि आपूर्ति शृंखला से जुड़े मुद्दों को लेकर मंत्रालय वाहन उद्योग के संपर्क में है और हालात से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एसीएमए) और अन्य उद्योग संगठनों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित कर रही है कि गैस की पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे और किसी तरह की बाधा न आए।

कुरैशी ने कहा, ‘‘वाहन कलपुर्जा निर्माण में एलपीजी का उपयोग होता है और इसको लेकर हम उद्योग संगठनों के संपर्क में हैं। अभी तक किसी गंभीर कमी की सूचना नहीं है।’’

उन्होंने बताया कि मार्च महीने में वाहन उत्पादन में करीब 15 से 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

सरकार ने उद्योग को जहां संभव हो, वहां स्वच्छ ईंधन जैसे पाइप से मुहैया कराई जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) और इलेक्ट्रिक भट्टियों के उपयोग की सलाह भी दी है।

भाषा योगेश अजय

अजय