एनएसई का 22,569 करोड़ रुपये का आईपीओ शुरू, पहले दिन अब तक नौ प्रतिशत अभिदान

एनएसई का 22,569 करोड़ रुपये का आईपीओ शुरू, पहले दिन अब तक नौ प्रतिशत अभिदान

एनएसई का 22,569 करोड़ रुपये का आईपीओ शुरू, पहले दिन अब तक नौ प्रतिशत अभिदान
Modified Date: September 17, 2026 / 11:00 am IST
Published Date: September 17, 2026 11:00 am IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) का 22,569 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बृहस्पतिवार को अभिदान के लिए खुल गया। बोली के पहले दिन अब तक निर्गम को नौ प्रतिशत अभिदान मिला है।

बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वाह्न 10 बजकर 16 मिनट तक 8,86,42,911 शेयर की पेशकश के मुकाबले 81,99,336 शेयर के लिए बोलियां मिलीं।

गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 15 प्रतिशत और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से में 12 प्रतिशत अभिदान मिला।

एनएसई ने बुधवार को बड़े (एंकर) निवेशकों से 6,746 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), गोल्डमैन सैक्स और फिडेलिटी शामिल हैं।

इसके अलावा, सॉवरेन वेल्थ फंड जीआईसी सिंगापुर, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (एडीआईए) और नॉर्गेस बैंक के साथ ईस्टस्प्रिंग और एचएसबीसी ग्लोबल एसेट मैनेजमेंट ने भी बड़े निवेशकों की बोली में हिस्सा लिया।

मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 12.64 करोड़ तक शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) वाला यह निर्गम 2024 में हुंदैमोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम है।

एनएसई ने आईपीओ के लिए 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कीमत दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 4.2 लाख करोड़ रुपये से 4.42 लाख करोड़ रुपये के बीच होगा।

यह निर्गम 21 सितंबर को बंद होगा।

एनएसई का शेयर 24 सितंबर को बाजार में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में