एनएसई के शेयरधारकों को आईपीओ से तगड़ा लाभ होने का अनुमान; एसबीआई, दमानी होंगे बड़े लाभार्थी

Ads

एनएसई के शेयरधारकों को आईपीओ से तगड़ा लाभ होने का अनुमान; एसबीआई, दमानी होंगे बड़े लाभार्थी

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 05:32 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 05:32 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) अपने मौजूदा शेयरधारकों के लिए बड़ा मूल्य सृजन करने जा रहा है, जिससे संस्थागत निवेशकों, वित्तीय संस्थाओं और उद्योग के दिग्गजों को हजारों करोड़ रुपये का लाभ मिलने की संभावना है।

देश के सबसे बड़े शेयर बाजार एनएसई ने बुधवार को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपने आईपीओ की मंजूरी के लिए मसौदा दस्तावेज दाखिल किए।

इस निर्गम का आकार लगभग 30,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। यह पूरी तरह से बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा और इसमें कोई नए शेयर नहीं जारी किए जाएंगे।

एनएसई के आईपीओ के भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बनने की संभावना है।

अनुमान है कि एनएसई का निर्गम हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ से भी बड़ा होगा। हुंदै का यह आईपीओ अक्टूबर 2024 में आया था और अभी देश के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड उसी के नाम है।

गैर-सूचीबद्ध बाजार में करीब 2,000 रुपये प्रति शेयर की मौजूदा कीमत के आधार पर, दिग्गज निवेशक और डीमार्ट के संस्थापक राधाकिशन दमानी के 3.91 करोड़ शेयरों का मूल्य लगभग 7,817 करोड़ रुपये बैठता है। एनएसई में दमानी की 1.58 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिससे वे प्रस्तावित सूचीबद्धता के प्रमुख लाभार्थियों में शामिल हैं।

शेयर बेचने वाले शेयरधारकों में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को सबसे बड़ा फायदा होने की उम्मीद है। देश का यह सबसे बड़ा ऋणदाता बैंक 2.47 करोड़ शेयरों की बिक्री करने की योजना बना रहा है, जिससे गैर-सूचीबद्ध बाजार की मौजूदा कीमतों के आधार पर उसे करीब 4,950 करोड़ रुपये मिल सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि एसबीआई की औसत खरीद लागत केवल 80 पैसे प्रति शेयर रही है, जो पिछले वर्षो में एनएसई में हुए बड़े मूल्यवृद्धि को दर्शाता है।

इसी तरह, हीरो एंटरप्राइज के चेयरमैन सुनील कांत मुंजाल के 1.02 करोड़ शेयरों (0.41 प्रतिशत हिस्सेदारी) की कीमत करीब 2,040 करोड़ रुपये है, जबकि इन्फोसिस के सह-संस्थापक एस. गोपालकृष्णन के 94.29 लाख शेयरों (0.38 प्रतिशत हिस्सेदारी) का मूल्य लगभग 1,886 करोड़ रुपये आंका गया है।

उद्योग जगत का अनुमान है कि इस प्रस्तावित आईपीओ के जरिये एनएसई का मूल्यांकन पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।

भाषा

योगेश प्रेम

प्रेम