एनटीपीसी, ईडीएफ ने नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए किया समझौता

Ads

एनटीपीसी, ईडीएफ ने नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए किया समझौता

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 03:24 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 03:24 PM IST

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी और ईडीएफ पावर सॉल्यूशंस इंडिया ने भारत में पंप्ड स्टोरेज, जलविद्युत और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, स्वामित्व तथा संचालन के लिए साझेदारी की है।

एनटीपीसी ने एक बयान में कहा कि दोनों कंपनियों के बीच 50:50 का एक संयुक्त उद्यम (जेवी) बनाया गया है। यह संयुक्त उद्यम भारत और पड़ोसी देशों में परियोजनाओं पर काम करेगा।

समझौते पर 25 सितंबर को एनटीपीसी के चेयरमैन गुरदीप सिंह और ईडीएफ एसए के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बर्नार्ड फोंटाना की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।

इस रणनीतिक साझेदारी के तहत एनटीपीसी और फ्रांस की बिजली कंपनी ईडीएफ की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी इकाई ईडीएफ पावर सॉल्यूशंस मिलकर कम कार्बन उत्सर्जन वाले बिजली संयंत्रों के विकास, निर्माण और संचालन के साथ-साथ ग्रिड स्थिरता बढ़ाने वाले समाधानों तथा पारेषण परिसंपत्तियों पर काम करेंगी।

एनटीपीसी ने कहा कि यह साझेदारी भारत के 2036 तक पंप्ड स्टोरेज (भंडारण) परियोजनाओं की 100 गीगावाट स्थापित क्षमता के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के अनुरूप है।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय