कबड्डी कप्तान पुष्पा राणा ने कहा, फाइनल में भारतीय रेडर्स ने निर्णायक भूमिका निभाई

Ads

कबड्डी कप्तान पुष्पा राणा ने कहा, फाइनल में भारतीय रेडर्स ने निर्णायक भूमिका निभाई

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 03:27 PM IST

नागोया, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय महिला कबड्डी कप्तान पुष्पा राणा ने शनिवार को यहां कहा कि एशियाई खेलों में ईरान के खिलाफ फाइनल में जीत में उनके रेडर्स ने निर्णायक भूमिका निभाई।

भारत ने जुझारू ईरान को 37-34 से हराकर एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में रिकॉर्ड चौथी बार स्वर्ण पदक जीता।

पुष्पा ने जीत के बाद कहा, ‘‘हमारे रेडर बेहतरीन हैं। वह हमारी ताकत हैं। इसलिए हमारा मुख्य लक्ष्य यह था कि भले ही हमारे डिफेंडर अच्छा प्रदर्शन न कर पाएं, हमारे रेडर हमेशा अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’’

कप्तान ने स्वीकार किया कि टीम पर स्वर्ण पदक जीतने का दबाव था।

उन्होंने कहा, ‘‘जब भी भारतीय टीम खेली है, उसने हमेशा स्वर्ण पदक जीता है। इसलिए दबाव हमेशा बना रहता है।’’

पुष्पा ने कहा, ‘‘पूरे देश को भरोसा था कि हम स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहेंगे। सभी खिलाड़ियों को यही उम्मीद थी। हमने कड़ा अभ्यास किया था। हमारे कोच ने हमारा बहुत साथ दिया है। हमारे महासंघ ने भी हमारा बहुत समर्थन किया है।’’

पुष्पा से जब पूछा गया कि वह यह पदक किसे समर्पित करना चाहेंगी, उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे पूरे देश को समर्पित करना चाहेंगे। क्योंकि यह सभी के आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है।’’

भाषा

पंत नमिता

नमिता