ओडिशा सरकार ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
ओडिशा सरकार ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
भुवनेश्वर, दस फरवरी (भाषा) ओडिशा सरकार ने मंगलवार को 4,111.80 करोड़ रुपये के 23 औद्योगिक निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनसे लगभग 10,000 नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एकल खिड़की मंजूरी प्राधिकरण की 144वीं बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
उद्योग विभाग ने एक बयान में कहा कि स्वीकृत परियोजनाएं मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल पुंजीगत वस्तुओं, परिधान और कपड़ा, वैमानिकी और रक्षा विनिर्माण, जहाज निर्माण और मरम्मत सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई हैं।
इन परियोजनाओं को 11 जिलों में लागू किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय रूप से संतुलित औद्योगिक विकास और रोजगार के व्यापक अवसर सुनिश्चित होंगे।
जिन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, उनमें एमके एसेट्स प्राइवेट लिमिटेड का 210 करोड़ रुपये प्रस्ताव, निफा लिमिटेड का 384 करोड़ रुपये का प्रस्ताव और नॉर्दर्न एक्सप्रेस इंफ्राडेवलपर्स का 339.40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


