‘सेमीकॉन 2.0’ के तहत चिप इकाइयों को 25 प्रतिशत अतिरिक्त पूंजीगत व्यय सहायता देगा ओडिशा
'सेमीकॉन 2.0' के तहत चिप इकाइयों को 25 प्रतिशत अतिरिक्त पूंजीगत व्यय सहायता देगा ओडिशा
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) ओडिशा ने केंद्र के ‘सेमीकॉन 2.0’ कार्यक्रम से जुड़ी सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के लिए पूंजीगत व्यय पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने की शुक्रवार को घोषणा की।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला, कच्चे माल और उपकरण परिवेश में नीतिगत सहायता देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
यहां ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ में संवाददाताओं से बात करते हुए माझी ने कहा कि इस विस्तारित सहायता में अब सेमीकंडक्टर उपकरण विनिर्माण, सेमीकंडक्टर-स्तर के रसायन, गैस तथा सामग्री और अन्य आपूर्ति शृंखला खंड शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”हम आईएसएम (इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन) से स्वीकृत परियोजनाओं के लिए पात्र पूंजीगत व्यय पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता देंगे, जिसमें सेमीकंडक्टर उपकरण विनिर्माण, सेमीकंडक्टर-स्तर के रसायन, गैस एवं सामग्री तथा अन्य सेमीकंडक्टर आपूर्ति शृंखला खंड शामिल हैं।”
उन्होंने कहा, ”इसके अलावा यह एमएसएमई को बढ़ावा देकर, स्थानीय आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत कर, उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देकर और लक्षित कौशल पहल चलाकर ओडिशा में एक मजबूत सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परिवेश विकसित करने के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


