आंध्र प्रदेश में 22,178 करोड़ रुपये के निवेश वाली 28 परियोजनाओं को मंजूरी

आंध्र प्रदेश में 22,178 करोड़ रुपये के निवेश वाली 28 परियोजनाओं को मंजूरी

आंध्र प्रदेश में 22,178 करोड़ रुपये के निवेश वाली 28 परियोजनाओं को मंजूरी
Modified Date: September 18, 2026 / 07:38 pm IST
Published Date: September 18, 2026 7:38 pm IST

अमरावती, 18 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाले राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (एसआईपीबी) ने शुक्रवार को 22,177.84 करोड़ रुपये के निवेश वाली 28 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, एसआईपीबी की 21वीं बैठक में मंजूर की गई इन परियोजनाओं से करीब 20,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

बयान में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री नायडू की अध्यक्षता में हुई राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड की बैठक में 22,177.84 करोड़ रुपये के निवेश वाली 28 औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इनसे 19,739 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।’’

मंजूर की गई परियोजनाएं ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं संचार, खाद्य प्रसंस्करण, विनिर्माण और पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

बैठक के दौरान नायडू ने अधिकारियों को राज्य के समुद्र तट के साथ बंदरगाहों से जुड़ा व्यापक बुनियादी ढांचा तंत्र विकसित करने का निर्देश दिया।

एसआईपीबी ने आईटी और उन्नत प्रौद्योगिकी से जुड़ी 10 परियोजनाओं को भी मंजूरी दी, जिनमें 526.25 करोड़ रुपये का निवेश और 8,896 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इनमें विशाखापत्तनम में मुथूट फिनकॉर्प का 100 करोड़ रुपये का एआई एवं प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण केंद्र और डेलॉयट का 44 करोड़ रुपये का 2,500 सीट वाला परिचालन केंद्र शामिल है।

आईटी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स और हार्डवेयर विनिर्माण का तंत्र विकसित करने के लिए ताइवान के साथ बातचीत चल रही है।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में