बीएसई, मीशो ने एसएमई सूचीबद्धता को लेकर ‘प्रोजेक्ट शिखर’ शुरू किया

बीएसई, मीशो ने एसएमई सूचीबद्धता को लेकर ‘प्रोजेक्ट शिखर’ शुरू किया

बीएसई, मीशो ने एसएमई सूचीबद्धता को लेकर ‘प्रोजेक्ट शिखर’ शुरू किया
Modified Date: September 18, 2026 / 08:14 pm IST
Published Date: September 18, 2026 8:14 pm IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) बीएसई और ई-कॉमर्स कंपनी मीशो ने छोटे कारोबारियों को शेयर बाजार के एसएमई मंच पर सूचीबद्ध होने के अवसरों और प्रावधानों की जानकारी देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में ‘प्रोजेक्ट शिखर’ पहल शुरू की है।

बयान के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के मीशो विक्रेताओं के लिए आयोजित दो-दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम में सूचीबद्धता की पात्रता, वित्तीय तैयारी, कॉरपोरेट प्रशासन, अनुपालन, खुलासे और सूचीबद्धता प्रक्रिया में मध्यस्थों की भूमिका जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

जून में शुरू की गई ‘प्रोजेक्ट शिखर’ पहल का उद्देश्य पात्र सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को कारोबार के विस्तार के लिए पूंजी बाजार से धन जुटाने के अवसरों के बारे में जागरूक करना है। यह इस पहल के तहत जमीनी स्तर का पहला कार्यक्रम था।

कार्यक्रम में बीएसई के प्रतिनिधियों ने मीशो विक्रेताओं के साथ बातचीत की और उन्हें एसएमई सूचीबद्धता ढांचे तथा सार्वजनिक बाजारों तक पहुंचने के लिए जरूरी प्रमुख आवश्यकताओं की जानकारी दी।

बीएसई में निर्गमकर्ता संबंध और कॉरपोरेट बिक्री की प्रमुख राधा कीर्तिवासन ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट शिखर’ के माध्यम से पूंजी बाजार से जुड़ी जागरूकता डिजिटल उद्यमियों के एक बड़े समुदाय तक पहुंचाई जा रही है।

मीशो की कॉरपोरेट मामलों की प्रमुख लोपामुद्रा राव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विक्रेताओं को मजबूत और संस्थागत रूप से तैयार कारोबार स्थापित करने के दौरान उपलब्ध अवसरों के बारे में सूचित निर्णय लेने में मदद करना है।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में