युद्ध जारी रहने, खराब मौसम के कारण तेल-तिलहन कीमतों में मजबूती का रुख

Ads

युद्ध जारी रहने, खराब मौसम के कारण तेल-तिलहन कीमतों में मजबूती का रुख

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 07:57 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 07:57 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया युद्ध जारी रहने तथा खराब मौसम के कारण देश के तेल-तिलहन बाजार में बृहस्पतिवार को सरसों, मूंगफली एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम मजबूत रहे। डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से भी इस तेजी को बल मिला।

शिकॉगो एक्सचेंज में घट-बढ़ है। जबकि मलेशिया एक्सचेंज दोपहर में लगभग पौने दो प्रतिशत मजबूत रहा। यहां शाम का कारोबार बंद है। मलेशिया एक्सचेंज अब मंगलवार को खुलेगा।

बाजार सूत्रों ने कहा कि ईरान तथा अमेरिका एवं इजरायल के बीच युद्ध और भड़कने के बाद खाद्य तेल आपूर्ति को लेकर आशंका बढ़ चली है। इसके अलावा देश के कई स्थानों पर मौसम खराब होने और बरसात के कारण भी आपूर्ति प्रभावित हुई जिससे खाद्य तेलों के दाम बढ़ गये तथा सभी तेल-तिलहनों के दाम में मजबूती देखी गई।

उन्होंने कहा कि सस्ता होने की वजह से देश में सरसों और पामोलीन तेल की मांग बढ़ रही है। शिकॉगो से सोयाबीन डीगम तेल के आने में डेढ़ से दो महीने लगते हैं मगर इसके मुकाबले मलेशिया और इंडोनेशिया से पाम-पामोलीन के आने में वक्त भी कम लगता है। सरसों और पामोलीन तेल की खपत भी हो रही है। किसानों को सरसों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से अधिक दाम मिल रहे हैं। किसान भी सरसों रोक-रोक कर बाजार में ला रहे हैं।

सूत्रों ने कहा कि सरकार को महाराष्ट्र में सोयाबीन की बिक्री रोक देनी चाहिये तथा युद्ध की परिस्थिति और आगे दाम भड़कने की स्थिति से बचने के लिए सोयाबीन का स्टॉक बनाने के बारे में सोचना चाहिये। इससे किसानों को भी अच्छे दाम मिल जायेंगे और संकट की स्थिति से निपटने के लिए देश कहीं बेहतर स्थिति में रहेगा।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 6,900-6,925 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 7,250-7,725 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,550 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,770-3,070 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 14,450 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,410-2,510 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,410-2,555 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,400 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,850 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 13,450 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 14,500 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,200 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 14,150 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 5,650-5,700 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 5,250-5,400 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय