विदेशों में दाम मजबूत होने से तेल-तिलहन कीमतों में सुधार
विदेशों में दाम मजबूत होने से तेल-तिलहन कीमतों में सुधार
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) विदेशों में खाद्यतेलों के दाम मजबूत होने तथा देश में खाद्यतेलों के आयात शुल्क मूल्य में वृद्धि किये जाने की वजह से सभी खाद्य तेल-तिलहनों के दाम में मजबूती रही। सरसों, सोयाबीन एवं मूंगफली तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौल तेल के दाम में सुधार देखने को मिला।
मलेशिया एक्सचेंज स्थिरता का रुख लिए बंद हो गया। शुक्रवार को मई दिवस की छुट्टी है और यहां अब सोमवार को बाजार खुलेगा। शिकागो एक्सचेंज में बुधवार रात 1.75 प्रतिशत का सुधार था और अभी भी यहां सुधार जारी है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि बुधवार रात विदेशों में सोयाबीन डीगम तेल का दाम 22 डॉलर प्रति टन यानी दो रुपये किलो के हिसाब से मजबूत हुआ। लेकिन विदेशों की इस तेजी का देश के बाजारों पर मामूली असर देखने को मिला और डीगम तेल की कीमत में लगभग 50 पैसे किलो की बढ़त हुई।
उन्होंने कहा कि वैसे आज दाम में सुधार कहा जा सकता है लेकिन आयातित तेल जिस तरह लागत से 5-6 प्रतिशत नीचे दाम पर बिक रहे हैं, उसमें थोड़ी घट बढ़ को सुधार या गिरावट बताना उचित नहीं होगा। कुल मिलाकर स्थिति वहीं की वहीं बनी हुई है कि पैसों की तंगी का सामना कर रहे आयातक, आयातित तेल लागत से कभी अधिक नीचे तो कभी कम नीचे दाम पर बेच रहे हैं। इस स्थिति पर किसी की भी प्रतिक्रिया नहीं दिखती।
इस बीच सरकार ने आयात शुल्क मूल्य में वृद्धि की है। इसके तहत सीपीओ का आयात शुल्क मूल्य 44 रुपये क्विंटल, पामोलीन का 94 रुपये क्विंटल और सोयाबीन डीगम का आयात शुल्क मूल्य मात्र 5 रुपये क्विंटल बढ़ाया गया है।
सूत्रों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर सोयाबीन डीओसी की अच्छी मांग है। सरकार के पास या फिर किसानों के पास इसका स्टॉक है। विदेशी तेलों की तेजी के असर से सरसों, मूंगफली जैसे अन्य तेल तिलहनों पर असर आया। बाजार में बिनौले की उपलब्धता कम होती जा रही है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 6,950-6,975 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,650-7,125 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,500-2,800 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,150 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,370-2,470 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,370-2,515 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,900 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,450 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,600 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 14,850 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,350 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,200 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 6,400-6,450 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 6,050-6,125 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


