पाकिस्तान 23 अप्रैल तक यूएई का 1.5 अरब डॉलर का कर्ज चुकाएगा

Ads

पाकिस्तान 23 अप्रैल तक यूएई का 1.5 अरब डॉलर का कर्ज चुकाएगा

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 09:01 PM IST

कराची, 19 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने शनिवार को कहा कि उसे उम्मीद है कि वह संयुक्त अरब अमीरात से लिए गए 3.5 अरब डॉलर के ऋण में बचे 1.5 अरब डॉलर का भुगतान 23 अप्रैल तक कर देगा।

यह घोषणा स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से लगभग 1.2 अरब डॉलर की संभावित किस्त मिलने की उम्मीद के बीच की है।

यह बयान ऐसे समय आया, जब एक दिन पहले पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात को दो अरब डॉलर का भुगतान किया था। इससे पहले सऊदी अरब ने तीन अरब डॉलर की सहायता के तहत दो अरब डॉलर पाकिस्तान में जमा किए थे।

एसबीपी के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात द्वारा केंद्रीय बैंक के पास रखी गई 3.5 अरब डॉलर की निधि में से दो अरब डॉलर का भुगतान कर दिया है।”

उन्होंने कहा, “यह राशि जमा राशि की परिपक्वता पूरी होने के बाद यूएई को हस्तांतरित की गई है। शेष राशि का भुगतान 23 अप्रैल तक किया जाना है।”

प्रवक्ता ने दावा किया कि विदेशी मुद्रा भंडार में धन प्रवाह के कारण पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार स्थिर बने हुए हैं।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय