ईडी ने पीएमएलए मामले में आई-पैक के ऋषि राज सिंह को सोमवार को तलब किया

Ads

ईडी ने पीएमएलए मामले में आई-पैक के ऋषि राज सिंह को सोमवार को तलब किया

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 10:37 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हवाला लेनदेन से जुड़े धन शोधन मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के निदेशक ऋषि राज सिंह को 20 अप्रैल को पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

वर्ष 2015 में स्थापित यह कंपनी कई राजनीतिक दलों को राजनीतिक परामर्श सेवाएं प्रदान करती है, जिनमें दो चुनावी राज्यों में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (पश्चिम बंगाल) और द्रमुक (तमिलनाडु) भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इसमें सिंह, विनेश चंदेल (जिन्हें हाल में ईडी ने गिरफ्तार किया है) और प्रतीक जैन सहित तीन संस्थापक निदेशक हैं। सिंह को राजनीतिक दलों और अन्य संस्थाओं से प्राप्त धन के कथित हवाला लेनदेन से संबंधित मामले में पूछताछ के लिए 20 अप्रैल को दिल्ली स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।

उन्होंने बताया कि सिंह के बयान दर्ज किए जाने के बाद धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान लिया जाएगा।

इस जांच के तहत दो अप्रैल को ईडी ने बेंगलुरु स्थित सिंह के परिसर पर छापा मारा था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने 13 अप्रैल को दिल्ली में पूछताछ के बाद चंदेल को इस मामले में गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल ईडी की हिरासत में हैं।

यह जांच दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (आई-पैक) के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से संबंधित है, जिसमें कंपनी पर सिंह, चंदेल और जैन सहित अन्य निदेशकों के माध्यम से खातों में हेराफेरी करने और अघोषित धन के लेन-देन का आरोप लगाया गया है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप