(PF Withdrawal New Rules/ Image Credit: Paytm)
नई दिल्ली: PF Withdrawal Rules: EPFO ने अपने सदस्यों के लिए PF निकासी प्रक्रिया को और आसान बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही कर्मचारी अपने PF का पैसा सीधे UPI के जरिए बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। इस नई सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द ही लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सदस्य अपने EPF खाते से पात्र राशि सीधे UPI लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके लिए यूजर को अपने UPI PIN का इस्तेमाल करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित होगी। जिससे PF निकालने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
सरकार एक ऐसा सिस्टम तैयार कर रही है जिसमें PF खाते का कुछ हिस्सा रिटायरमेंट के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। बाकी पात्र राशि को तुरंत निकाला जा सकेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारी अपनी बचत पूरी तरह खत्म न करें और रिटायरमेंट के समय उनके पास पर्याप्त फंड मौजूद रहे।
UPI सिस्टम लागू होने के बाद PF की राशि खाते में आते ही उसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। कर्मचारी इस पैसे को डिजिटल पेमेंट, बैंक ट्रांसफर या ATM से कैश निकालने के लिए उपयोग कर सकेंगे। इससे इमरजेंसी में फंड की उपलब्धता पहले से काफी तेज और आसान हो जाएगी।
अभी PF निकालने के लिए सदस्यों को ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है। जिसके बाद जांच प्रक्रिया होती है। इसके बाद पैसा खाते में ट्रांसफर किया जाता है। हालांकि, ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम के जरिए अब कई मामलों में 3 दिन के भीतर पैसा जारी किया जा रहा है। इसकी लिमिट भी बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है।
नए नियमों के तहत PF निकासी के लिए पात्रता अवधि को एक समान 12 महीने किया गया है। बेरोजगारी की स्थिति में 75% राशि तुरंत निकाली जा सकती है। जबकि बाकी 25% एक साल बाद मिलती है। रिटायरमेंट, विकलांगता या विदेश जाने जैसी स्थितियों में पूरा PF निकाला जा सकता है। साथ ही पेंशन नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और 58 साल की उम्र में पेंशन का प्रावधान पहले जैसा ही रहेगा।