वाशिंगटन, 29 अगस्त (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका में कृषि से लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तक विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारिक नेताओं से मुलाकात की और उन्हें वैश्विक कारोबार के केंद्र के रूप में भारत में अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया।
सीतारमण ने शुक्रवार को शिकागो में शील्ड एआई के सह-संस्थापक और अध्यक्ष ब्रैंडन त्सेंग, हयात के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क एस. हॉपलामाजियन तथा मॉन्डेलेज इंटरनेशनल के कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य परिचालन अधिकारी लुका जरामेला से मुलाकात की।
वित्त मंत्री ने आर्चर डेनियल्स मिडलैंड (एडीएम) के कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्त अधिकारी मोनिश पटोलावाला तथा विस्टियन कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन लवांडे से भी मुलाकात की।
इस दौरान सीतारमण ने भारत में बेहतर होती संपर्क व्यवस्था और बुनियादी ढांचे का उल्लेख किया, जिससे नए पर्यटन और व्यावसायिक केंद्र विकसित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरे और तीसरे दर्जे के शहर आर्थिक गतिविधियों और यात्रा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।
वित्त मंत्री ने वैश्विक कंपनियों को भारत में दीर्घकालिक निवेश बढ़ाने में सक्षम बनाने के लिए नियामकीय प्रक्रियाओं को आसान बनाने, डिजिटलीकरण और बेहतर बुनियादी ढांचे के माध्यम से कारोबार करने में आसानी और लागत कम करने पर सरकार के निरंतर ध्यान को रेखांकित किया।
सीतारमण छह दिवसीय अमेरिका यात्रा पर हैं। वह उत्तरी कैरोलिना के एशविल में होने वाली जी-20 वित्त मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगी और न्यूयॉर्क का दौरा भी करेंगी।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश
अविनाश