पायलट संगठन ने खाड़ी देशों के लिए उड़ानें निलंबित करने की मांग रखी

Ads

पायलट संगठन ने खाड़ी देशों के लिए उड़ानें निलंबित करने की मांग रखी

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 07:16 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 07:16 PM IST

मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) पायलट संगठन एएलपीए इंडिया ने पश्चिम एशिया में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच सोमवार को सरकार से भारतीय एयरलाइन कंपनियों की दुबई एवं अबू धाबी सहित खाड़ी क्षेत्र के लिए उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने की मांग की।

इसके साथ ही भारतीय एयरलाइन पायलट संघ (एएलपीए इंडिया) ने कहा कि व्यापक सुरक्षा आकलन पूरा नहीं होने तक उड़ानों का यह निलंबन जारी रखा जाए।

पायलट संगठन ने नागर विमानन मंत्रालय और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को लिखे पत्र में कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हाल में फिर से शुरू हुए संघर्ष के बाद क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति और बिगड़ गई है।

संगठन के अनुसार, संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में उड़ान भरने वाले नागरिक विमानों के कई जोखिमों का सामना करने की आशंका है, लिहाजा स्वतंत्र और व्यापक जोखिम आकलन किए जाने तक भारतीय एयरलाइंस की सभी वाणिज्यिक उड़ानों को प्रभावित खाड़ी गंतव्यों के लिए तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए।

इसके साथ ही संगठन ने जोखिम कम करने के उपायों, एयरलाइंस द्वारा मजबूत परिचालन जोखिम आकलन और मौजूदा खतरे के माहौल में पर्याप्त बीमा कवर तथा वैकल्पिक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

एएलपीए इंडिया ने कहा कि पायलटों को मौजूदा जोखिमों की पूरी जानकारी दी जानी चाहिए और उन्हें असुरक्षित हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने के लिए किसी प्रकार के व्यावसायिक दबाव में नहीं डाला जाना चाहिए।

पायलट निकाय ने यह भी कहा कि वह संघर्ष-प्रभावित क्षेत्रों के जोखिम आकलन और उड़ान सुरक्षा से जुड़े किसी भी तकनीकी परामर्श में मंत्रालय और डीजीसीए की सहायता के लिए तैयार है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय