प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप दिग्गजों के साथ की गोलमेज चर्चा, नौ हस्तियों से द्विपक्षीय मुलाकात

Ads

प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप दिग्गजों के साथ की गोलमेज चर्चा, नौ हस्तियों से द्विपक्षीय मुलाकात

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 08:10 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कृत्रिम मेधा (एआई) और गहन प्रौद्योगिकी स्टार्टअप के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) एवं संस्थापकों के साथ एक गोलमेज चर्चा के अलावा सात द्विपक्षीय बैठकों और दो दिग्गज कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठकों में शिरकत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने गोलमेज चर्चा के दौरान 16 एआई और गहन प्रौद्योगिकी (डीपटेक) कंपनियों के सीईओ एवं संस्थापकों के साथ कृषि और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में एआई का उपयोग करने की संभावनाओं और मातृभाषा में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की।

अधिकारियों के अनुसार, इस गोलमेज बैठक के दौरान कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने विचार साझा करने के अलावा किए गए कामों का ब्योरा पेश किया।

उद्योग जगत के ये दिग्गज 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने के लिए आए हुए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने चार देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। इनमें श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी , लिश्टेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम शामिल हैं।

मोदी ने कहा कि उनकी दिसानायके के साथ एक शानदार बैठक हुई, जिसके दौरान दोनों नेताओं ने हाल के दिनों में भारत-श्रीलंका संबंधों में हुई प्रगति पर चर्चा की गई।

मोदी ने कहा, ‘हमने एक महत्वपूर्ण पड़ोसी के साथ मित्रता को और मजबूत करने पर जोर दिया। इसके साथ ही, ऊर्जा, परिवहन, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, संस्कृति, समुद्री संसाधनों पर आधारित आर्थिक गतिविधियों और अन्य क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा की।’

पेलेग्रिनी के साथ अपनी मुलाकात के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से भारत और स्लोवाकिया के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के कई अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा, ‘हमने अन्य विषयों पर भी चर्चा की, जिनमें डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, डिजिटल सार्वजनिक ढांचा, रक्षा, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्र शामिल हैं।’

एलोइस की अगुवाई वाले लिश्टेंस्टाइन के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान मोदी ने दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों की मजबूत संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने नवाचार, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, अनुसंधान और विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस से भी मुलाकात की। बैठक में एआई को सर्व-समावेशी बनाने और इस प्रयास में संयुक्त राष्ट्र की रचनात्मक भूमिका पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत किसी भी ऐसे प्रयास का समर्थन करता है जो इस धरती को बेहतर बनाने के लिए एआई का उपयोग करने का लक्ष्य रखता है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में सुधारों, खासकर वैश्विक दक्षिण को अधिक आवाज देने पर भी चर्चा की।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम