केटलबरो और गैफेनी भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सुपर आठ मैच में करेंगे अंपायरिंग

Ads

केटलबरो और गैफेनी भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सुपर आठ मैच में करेंगे अंपायरिंग

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 09:34 PM IST

मुंबई, 20 फरवरी (भाषा) टी20 विश्व कप के सुपर-आठ चरण में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को अहमदाबाद में होने वाले मुकाबले के लिए अनुभवी अंपायर रिचर्ड केटलबरो और क्रिस गैफनी को मैदान पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

इन दोनों के साथ टीवी अंपायर एलेक्स व्हार्फ और चौथे अंपायर क्रिस ब्राउन होंगे।

सुपर-आठ चरण की शुरुआत शनिवार को कोलंबो में ग्रुप-दो के मुकाबले से होगी, जहां पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

आईसीसी के बयान के मुताबिक, ‘‘ इस मुकाबले में रॉडनी टकर और पॉल रेफेल मैदान पर अंपायरिंग करेंगे। टीवी अंपायर की भूमिका अल्लाहुद्दीन पालेकर निभाएंगे, जबकि सैम नोगाज्स्की चौथे अंपायर होंगे।’’

आईसीसी के अनुसार, टकर और नोगाज्स्की 28 फरवरी को कैंडी में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच में भी मैदानी अंपायर होंगे। वहीं, 24 फरवरी को उसी मैदान पर इंग्लैंड और पाकिस्तान के मुकाबले में नितिन मेनन के साथ नोगाज्स्की अंपायरिंग करेंगे।’’

एड्रियन होल्डस्टॉक और अहसान रजा को रविवार को कैंडी में सह-मेजबान श्रीलंका और इंग्लैंड के मुकाबले तथा 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के मैच के लिए मैदानी अंपायर नियुक्त किया गया है।

श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबों में 25 फरवरी को होने वाले मुकाबले में पालेकर और आसिफ याकूब अंपायरिंग करेंगे।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक मार्च को कोलकाता में सुपर-आठ चरण के अंतिम मैच में गैफनी और व्हार्फ जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, 26 फरवरी को सह-मेजबान टीम और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबले में व्हार्फ और केटलबरो की जोड़ी मैदान पर होगी।

जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच 23 फरवरी को मुंबई में होने वाले मैच में रिचर्ड इलिंगवर्थ और जयरमन मदनगोपाल अंपायरिंग करेंगे। 26 फरवरी को वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के मैच में शाहिद सैकत और कुमार धर्मसेना मैदानी अंपायर होंगे।

धर्मसेना एक मार्च को दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबले में इलिंगवर्थ के साथ फिर से अंपायरिंग करेंगे।

सुपर-8 चरण में रंजन मदुगल्ले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन और जवागल श्रीनाथ मैच रेफरी की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

भाषा आनन्द मोना

मोना