पूर्वांकरा ढाई साल में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की आवासीय परियोजनाएं शुरू करेगी

Ads

पूर्वांकरा ढाई साल में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की आवासीय परियोजनाएं शुरू करेगी

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 03:15 PM IST

बेंगलुरु, 25 मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी पूर्वांकरा लिमिटेड घरों की बढ़ती मांग का लाभ उठाने के लिए अगले ढाई साल में करीब 30 आवासीय परियोजनाएं शुरू करेगी जिनमें से अधिकतर दक्षिण और पश्चिम भारत में लाई जाएंगी। इन परियोजनाओं से कंपनी को 35,636 करोड़ रुपये के अनुमानित राजस्व की उम्मीद है।

इसके अलावा, कंपनी की 26 आवासीय परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं जिनमें 19,742 करोड़ रुपये मूल्य की इकाइयां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

कंपनी के प्रबंध निदेशक आशीष पूर्वांकरा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कंपनी को आवासीय मांग को लेकर भरोसा है, विशेषकर बड़े डेवलपर के लिए जिनका परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का बेहतर रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले पांच दशक में हमने पूर्वांकरा को भरोसे एवं पारदर्शिता की मजबूत नींव पर खड़ा किया है। विकास के अगले चरण में प्रवेश करते हुए हम मुंबई और दक्षिण भारत में उच्च गुणवत्ता वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मजबूती के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।’’

कंपनी के दक्षिण क्षेत्र के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मल्लन्ना सासालू ने कहा कि कंपनी के पास कुल 55,378 करोड़ रुपये की परियोजना सूची है, जिसमें मौजूदा परियोजनाओं में बिक्री के लिए उपलब्ध मकान और आगामी परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम अगले 24 से 30 महीनों में लगभग 30 परियोजनाएं शुरू करेंगे, जिनसे 35,636 करोड़ रुपये का अनुमानित राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।’’

पूर्वांकरा ने 31 दिसंबर, 2025 तक नौ शहरों बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोयंबटूर, मंगलुरु, कोच्चि, मुंबई, पुणे और गोवा में 5.6 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली 93 परियोजनाएं पूरी की हैं।

कंपनी के पास 3.8 करोड़ वर्ग फुट का भूमि भंडार है और निर्माणाधीन परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल 3.4 करोड़ वर्ग फुट है।

चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में कंपनी की बिक्री बुकिंग (प्री-सेल्स) सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 3,859 करोड़ रुपये रही।

भाषा निहारिका अजय

अजय

शीर्ष 5 समाचार