नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का 720 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 28 अगस्त को खुलेगा। इसके लिए मूल्य दायरा 408-429 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
कंपनी ने मंगलवार को सार्वजनिक घोषणा में बताया कि आईपीओ पूरी तरह नए शेयर के निर्गम पर आधारित है। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई घटक शामिल नहीं है।
क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर एवं डेटा सेंटर सेवा प्रदाता कंपनी का आईपीओ 28 अगस्त को खुलेगा और एक सितंबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक 27 अगस्त को बोली लगा पाएंगे।
कंपनी आईपीओ से जुटाई गई राशि में से 576 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने डेटा केंद्रों के लिए क्लाउड कंप्यूटिंग एवं अन्य उपकरणों की खरीद आदि के लिए करेगी। वहीं शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा।
कंपनी के शेयर को चार सितंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा निहारिका
निहारिका