नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) उच्च क्षमता वाले सर्वर बनाने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया ने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) के माध्यम से 1,200 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने क्यूआईपी के तहत दो रुपये अंकित मूल्य वाले 25,05,219 शेयर को 4,790 रुपये प्रति शेयर के निर्गम मूल्य पर आवंटित किया। इसमें 4,788 रुपये प्रति शेयर का प्रीमियम भी शामिल है।
एनएसई और बीएसई पर जुलाई 2023 में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी ने क्यूआईपी के जरिये पहली बार पूंजी जुटाई है।
कंपनी बयान के अनुसार, ‘‘ नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड ने करीब 1,200 करोड़ रुपये जुटाकर पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) सफलतापूर्वक पूरा किया।’’
गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट, नोमुरा एसेट मैनेजमेंट, अमुंडी एसेट मैनेजमेंट, थिंक इन्वेस्टमेंट्स, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ, एडलवाइस एमएफ, इनवेस्को एमएफ, एचडीएफसी एमएफ, कोटक एमएफ, टाटा एमएफ, मोतीलाल ओसवाल एमएफ, बैंक ऑफ इंडिया एमएफ, ट्रस्ट एमएफ और हेलिओस एमएफ जैसे प्रमुख निवेशकों ने क्यूआईपी में हिस्सा लिया।
नेटवेब टेक्नोलॉजीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय लोढ़ा ने कहा कि क्यूआईपी न केवल कंपनी के प्रदर्शन में बल्कि कृत्रिम मेधा (एआई) और कंप्यूटिंग बुनियादी ढांचे में दीर्घकालिक अवसरों में भी निवेशकों के विश्वास को दर्शाता है।
भाषा निहारिका
निहारिका