नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी आरईसी लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को बताया कि राजेश कुमार ने दो अप्रैल, 2026 से निदेशक (वित्त) का पदभार संभाल लिया है।
कंपनी के एक बयान के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 25 मार्च को बिजली मंत्रालय के उस प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी थी, जिसमें कुमार को आरईसी लिमिटेड में पांच साल की अवधि के लिए निदेशक (वित्त) नियुक्त करने की बात कही गई थी।
राजेश कुमार एक अनुभवी वित्त पेशेवर हैं, जिन्हें सार्वजनिक क्षेत्र में, खासकर बिजली और बुनियादी ढांचा वित्तपोषण के क्षेत्र में 30 साल से ज़्यादा का व्यापक अनुभव है।
उन्हें लेखा, कराधान, अंकेक्षण, ट्रेजरी, परियोजना मूल्यांकन और नियामकीय नियमों के पालन का व्यापक अनुभव है।
उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स से वाणिज्य में स्नातक डिग्री हासिल की है, और इसके साथ ही उनके पास चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और ‘कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट’ (सीएमए) के तौर पर दोहरी पेशेवर योग्यता भी है।
इस पदोन्नति से पहले, कुमार आरईसी लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (वित्त) के पद पर कार्यरत थे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय