नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने हाल ही में समाप्त हुए वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 432.2 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन किया है।
एनटीपीसी ने बताया कि उसने इस दौरान अपने नेटवर्क में 9,619 मेगावाट (लगभग 9.6 गीगावाट) की रिकॉर्ड नयी उत्पादन क्षमता भी जोड़ी है।
कंपनी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष में जोड़ी गई कुल क्षमता में से 5,488 मेगावाट क्षमता सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और जल विद्युत परियोजनाओं की है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए कंपनी ने कोयले से बिजली बनाने के बाद बचने वाली 10.9 करोड़ टन राख का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया है।
वर्तमान में एनटीपीसी की कुल स्थापित क्षमता 89 गीगावाट (एक गीगावाट में 1,000 मेगावाट) से अधिक हो गई है और उसने वर्ष 2032 तक अपनी कुल क्षमता को बढ़ाकर 149 गीगावाट तक पहुंचाने का बड़ा लक्ष्य रखा है।
भाषा सुमित प्रेम
प्रेम