नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई। चांदी की कीमत 9,000 रुपये लुढ़ककर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि घरेलू बाज़ार में सुस्ती के माहौल के बीच सोना 3,500 रुपये टूटकर 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत में 9,000 रुपये, या 3.66 प्रतिशत की गिरावट आई और यह पिछले बंद भाव 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम से लुढ़ककर 2,37,000 रुपये (सभी करों सहित) रह गई।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 3,500 रुपये, या 2.26 प्रतिशत की गिरावट आई। यह 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बहुप्रतीक्षित संबोधन से पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को सुलझाने के संबंध में बहुत कम स्पष्टता मिल पाई।’’
ट्रंप ने कहा कि युद्ध के संबंध में अमेरिका के मुख्य रणनीतिक उद्देश्य पूरे होने के करीब हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने ईरान को अगले 2-3 सप्ताह में संभावित सैन्य हमलों की चेतावनी भी दी।
गांधी ने कहा कि इससे संघर्ष के और बढ़ने का डर बढ़ गया है, जिससे इसके जल्द समाधान की उम्मीदें धूमिल हो गई हैं और होर्मुज़ जलडमरूमध्य से ऊर्जा प्रवाह में होने वाली बाधाएं और लंबे समय तक जारी रहने की आशंका बढ़ गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में, हाज़िर चांदी 5.49 डॉलर, या 7.32 प्रतिशत टूटकर 69.57 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 166.79 डॉलर या 3.51 प्रतिशत टूटकर 4,591.52 डॉलर प्रति औंस रह गया।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि बृहस्पतिवार को हाज़िर सोने में पिछले तीन सत्रों से जारी तेज़ी का सिलसिला थम गया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की इस चेतावनी के बाद कि अगले दो-तीन हफ़्तों में ईरान पर ज़ोरदार हमला किया जाएगा, कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर उछाल आ गया है।
उन्होंने कहा कि इन टिप्पणियों के बाद, डॉलर 0.5 प्रतिशत मज़बूत होकर 99-100 के स्तर पर बना रहा, जिससे विदेशी व्यापार में कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ गया।
सिंह ने कहा, ‘‘कारोबारियों का ध्यान शुक्रवार को जारी होने वाली अमेरिकी ‘गैर-कृषि पेरोल रिपोर्ट’ पर रहेगा। अगर यह रोजगार रिपोर्ट मज़बूत रही, तो सोमवार को सोने की कीमतों पर नीचे की ओर दबाव और बढ़ जाएगा, क्योंकि शुक्रवार को ‘गुड फ़्राइडे’ के कारण बाज़ार बंद रहेंगे।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय