मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शहरी सहकारी बैंक (यूसीबी) क्षेत्र के क्षमता निर्माण के लिए मंगलवार को ‘मिशन सक्षम’ की शुरुआत की।
आरबीआई ने एक बयान में कहा कि यूसीबी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए पहले से ही विभिन्न नियामकीय एवं पर्यवेक्षी कदम उठाए जा रहे हैं और यह मिशन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
‘मिशन सक्षम’ के तहत यूसीबी से जुड़े विभिन्न वर्गों के लिए बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों से करीब 1.40 लाख प्रतिभागियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
लाभान्वित होने वालों में यूसीबी के निदेशक मंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रबंधन, जोखिम, अनुपालन और ऑडिट प्रमुख, आईटी और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारी शामिल होंगे।
रिजर्व बैंक ने कहा कि संभव होने पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सामग्री क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो सके।
इस मिशन का खाका यूसीबी के शीर्ष निकाय और राष्ट्रीय/राज्य सहकारी महासंघों के साथ परामर्श कर तैयार किया गया है।
केंद्रीय बैंक ने कहा कि इस पहल से शहरी सहकारी बैंकों में प्रबंधन एवं संचालन क्षमता मजबूत होगी, अनुपालन संस्कृति में सुधार आएगा और संस्थागत मजबूती बढ़ेगी।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण