रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट भारत में लाएगी फेजर की चॉकलेट

Ads

रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट भारत में लाएगी फेजर की चॉकलेट

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 07:53 PM IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज की एफएमसीजी (रोजमर्रा के इस्तेमाल के उत्पाद) इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने शुक्रवार को कहा कि उसने भारतीय बाजार में ब्रांडेड प्रीमियम चॉकलेट के उत्पादन, विपणन और वितरण के लिए फिनलैंड की प्रमुख खाद्य कंपनी फेजर के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

दोनों इकाइयों ने इस आशय के एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जो आरसीपीएल की स्थानीय उत्पादन क्षमताओं और मजबूत वितरण नेटवर्क के साथ फेज़र के विश्व स्तर पर विश्वसनीय ब्रांड और विनिर्माण उत्कृष्टता का लाभ उठाएगा।

एक साझा बयान में कहा गया है कि फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब की भारत की यात्रा के हिस्से के रूप में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह भारत और फिनलैंड के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और साथ ही स्थानीय बाजार में फेज़र के प्रतिष्ठित ब्रांड और उत्पादों को लोकतांत्रिक बनाने के प्रयासों का हिस्सा है।

बयान में कहा गया है कि यह साझेदारी फेज़र के प्रतिष्ठित विरासत ब्रांड, अभिनव उत्पाद पोर्टफोलियो और दुनिया की बेहतरीन चॉकलेट को आरसीपीएल के बड़े पैमाने और पूरे भारत में लगभग 30 लाख खुदरा दुकानों तक पहुंच के साथ-साथ भारतीय बाजार में गहरी विशेषज्ञता के साथ संयोजित करेगी।

आरसीपीएल के निदेशक टी कृष्णकुमार ने कहा, ‘‘फ़ेज़र के विश्वस्तर पर विश्वसनीय ब्रांड और विनिर्माण उत्कृष्टता को आरसीपीएल की स्थानीय उत्पादन क्षमताओं, मजबूत वितरण नेटवर्क और गहन उपभोक्ता अंतर्दृष्टि के साथ जोड़कर, हम भारतीय उपभोक्ताओं के लिए विश्वस्तरीय उत्पाद लाने और समग्र श्रेणी के अनुभव को बढ़ाने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।’’

साथ मिलकर, कंपनियों के पास भारत के चॉकलेट और कन्फेक्शनरी बाजार में एक अद्वितीय स्थिति बनाने की क्षमता हो सकती है, जो बढ़ती उपभोक्ता आय और संगठित खुदरा पैठ के कारण तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय