रिलायंस इन्फ्रा की अनुषंगी कंपनी मुंबई मेट्रो वन का कर्ज 1,100 करोड़ रुपये से अधिक घटा
रिलायंस इन्फ्रा की अनुषंगी कंपनी मुंबई मेट्रो वन का कर्ज 1,100 करोड़ रुपये से अधिक घटा
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की अनुषंगी कंपनी मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड (एमएमओपीएल) ने 31 मार्च, 2026 तक 1,100 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज कम कर लिया है। इससे कंपनी के खिलाफ शुरू की गई दिवाला प्रक्रिया वापस लेने का रास्ता साफ होगा।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि एमएमओपीएल ने नौ जुलाई को नेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एनएआरसीएल) के साथ कर्ज पुनर्गठन समझौता किया है। इस समझौते का मूल्य 2,771.32 करोड़ रुपये है।
एमएमओपीएल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) का संयुक्त उपक्रम है। यह वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर मेट्रो लाइन-1 का स्वामित्व, संचालन और रखरखाव करती है।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की एमएमओपीएल में 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि शेष 26 प्रतिशत हिस्सेदारी मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के पास है।
कंपनी ने बताया कि कर्ज पुनर्गठन के बाद एमएमओपीएल की एनएआरसीएल को चुकाई जाने वाली मौजूदा देनदारी में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की कमी आएगी और कंपनी के खिलाफ शुरू की गई दिवाला कार्यवाही वापस ले ली जाएगी।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने कहा कि कर्ज पुनर्गठन एमएमओपीएल की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और कर्ज समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कंपनी वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर मेट्रो लाइन-1 का सुचारु और प्रभावी संचालन एवं रखरखाव जारी रख सकेगी तथा लंबे समय तक परिचालन को टिकाऊ बनाए रखने में मदद मिलेगी।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


