रेनो ने ‘डस्टर’ के दम पर भारतीय बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा

Ads

रेनो ने 'डस्टर' के दम पर भारतीय बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 06:02 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) फ्रांसीसी वाहन विनिर्माता रेनो ने मंगलवार को मझोले आकार के एसयूवी मॉडल ‘डस्टर’ को नए अवतार में पेश करने के साथ भारतीय यात्री वाहन बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा।

नई डस्टर के साथ रेनो इंडिया के पोर्टफोलियो में अब कुल चार मॉडल हो गए हैं। इनमें क्विड, ट्राइबर और काइगर शामिल हैं।

रेनो इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) फ्रांसिस्को हिडाल्गो ने यहां नई ‘डस्टर’ को पेश करने के बाद संवाददाताओं से कहा, “हम जल्द से जल्द उस स्तर पर वापस लौटना चाहते हैं, जहां हम बाजार हिस्सेदारी और बिक्री के लिहाज से कुछ साल पहले थे।”

उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि वर्ष 2030 तक तीन प्रतिशत से लेकर पांच प्रतिशत तक की बाजार हिस्सेदारी हासिल कर लें। इसमें नई डस्टर की भूमिका अहम होने वाली है।’’

कंपनी ने 2012 में पहला डस्टर मॉडल पेश किया था और इसने देश में एसयूवी का नया खंड बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई थी। लेकिन प्रतिस्पर्धा में पिछड़ते जाने पर इसका उत्पादन 2022 में बंद कर दिया गया था।

नई डस्टर को भारतीय वाहन बाजार के सबसे प्रतिस्पर्धी खंड में मारुति ग्रांड विटारा, किआ सेल्टोस, हुंदै क्रेटा, टाटा सिएरा, स्कोडा कुशाक और होंडा एलीवेट जैसे मॉडलों से मुकाबला करना होगा।

वर्ष 2016 में रेनो की घरेलू यात्री वाहन बाजार में हिस्सेदारी करीब चार प्रतिशत थी।

हिडाल्गो ने कहा कि डस्टर कंपनी की बड़े उत्पाद शृंखला की शुरुआत है और कंपनी स्पष्ट रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “यह महत्वपूर्ण नहीं है कि कितना समय लगता है, दिशा और रुझान ज्यादा अहम है।”

उन्होंने पश्चिम एशिया संकट की वजह से आपूर्ति शृंखला पर पड़े असर के बारे में पूछे जाने पर कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक स्थानीयकरण के कारण उत्पादन पर अभी तक कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

उन्होंने कहा कि रेनो भारतीय बाजार की मांग को पूरा करने के बाद नई डस्टर का विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात भी करेगी।

डस्टर के टर्बो पेट्रोल संस्करण की आपूर्ति देशभर में शुरू हो गई है जबकि इस मॉडल का मजबूत हाइब्रिड संस्करण भी दिवाली के आसपास पेश करने की योजना है।

हिडाल्गो ने कहा कि देश के प्रमुख महानगरों में प्री-बुकिंग के दौरान लगभग 40 प्रतिशत ग्राहकों ने हाइब्रिड विकल्प को चुना है। कंपनी इसे भारतीय बाजार का सर्वाधिक सक्षम हाइब्रिड इंजन बता रही है जो 80 प्रतिशत तक बैटरी से चल सकता है।

उन्होंने बताया कि 2026 के लिए निर्धारित हाइब्रिड उत्पादन क्षमता पहले ही पूरी तरह बुक हो चुकी है और डिलिवरी शुरू होने से पहले दिवाली के आसपास इसकी बुकिंग दोबारा शुरू की जाएगी।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय