प्रधानमंत्री मोदी से मिले रेवंत रेड्डी, विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र का सहयोग मांगा

Ads

प्रधानमंत्री मोदी से मिले रेवंत रेड्डी, विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र का सहयोग मांगा

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 09:37 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर बुनियादी ढांचा, शिक्षा, उद्योग और सड़क-संपर्क परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार का सहयोग मांगा।

राज्य ने वर्ष 2034 तक एक लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री ने नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में रखे गए अपने ‘एम-6 टास्क फोर्स’ के प्रस्ताव को दोहराते हुए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे छह प्रमुख आर्थिक केंद्रों के विकास के लिए छह लाख करोड़ रुपये के विशेष कोष की मांग की।

उन्होंने प्रत्येक शहर के लिए एक-एक लाख करोड़ रुपये आवंटित करने का सुझाव दिया।

शिक्षा के क्षेत्र में रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) स्थापित करने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने हैदराबाद क्षेत्रीय रिंग रोड (उत्तरी और दक्षिणी गलियारे), हैदराबाद-अमरावती-बंदरगाह एक्सप्रेसवे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-765 पर मन्नानूर से श्रीशैलम तक चार लेन के एलिवेटेड कॉरिडोर को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।

शहरी परिवहन के क्षेत्र में उन्होंने केंद्र और राज्य के संयुक्त उपक्रम के रूप में 38,595 करोड़ रुपये की लागत वाली 122.9 किलोमीटर लंबी हैदराबाद मेट्रो रेल फेज-दो परियोजना को मंजूरी देने का अनुरोध किया।

भाषा योगेश अजय

अजय