राइज इन्फ्रा का शुद्ध राजस्व 2025-26 में बढ़कर 120 करोड़ रुपये; पुणे, चेन्नई में खोलेगी कार्यालय
राइज इन्फ्रा का शुद्ध राजस्व 2025-26 में बढ़कर 120 करोड़ रुपये; पुणे, चेन्नई में खोलेगी कार्यालय
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) जमीन, मकान के बारे में परामर्श देने वाली कंपनी राइज इन्फ्रावेंचर्स का शुद्ध राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में 46 प्रतिशत बढ़कर 120 करोड़ रुपये हो गया। आवासीय एवं वाणिज्यिक संपत्तियों की बिक्री और पट्टे से प्राप्त ब्रोकरेज आय में वृद्धि के कारण कंपनी का शुद्ध राजस्व बढ़ा है।
कंपनी का शुद्ध राजस्व वित्त वर्ष 2024-25 में 82 करोड़ रुपये रहा था।
वर्ष 2021 में स्थापित गुरुग्राम की कंपनी राइज इन्फ्रावेंचर्स ने चालू वित्त वर्ष में 200 करोड़ रुपये के शुद्ध राजस्व का लक्ष्य रखा है। कंपनी की पुणे और चेन्नई में कार्यालय खोलने के अलावा वैश्विक स्तर पर भी विस्तार की योजना है।
कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सचिन गवरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने वित्त वर्ष 2025-26 में 4,840 करोड़ रुपये (सकल सौदा मूल्य) की संपत्तियों की बिक्री में सहायता की, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 3,856 करोड़ रुपये था।’’
उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में हुए कुल संपत्ति लेनदेन मूल्य में गुरुग्राम का योगदान 50 प्रतिशत से अधिक रहा।
कंपनी के सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक शांतनु गंभीर ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘कंपनी पुणे, चेन्नई एवं अमृतसर जैसे दूसरे शहरों में कार्यालय खोलेगी और कारोबार का विस्तार करेगी। पश्चिम एशिया क्षेत्र में स्थिति स्थिर होने के बाद कंपनी दुबई के बाजार में भी प्रवेश करने की योजना बना रही है।’’
कंपनी की उपस्थिति फिलहाल गुरुग्राम, नोएडा, बेंगलुरु हैदराबाद और मुंबई सहित छह शहरों में है और इसमें 300 कर्मचारी कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि राइज इन्फ्रावेंचर्स ने इस वित्त वर्ष में 200 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही कंपनी अधिक सेवाओं के साथ विस्तार करने पर भी विचार कर रही है।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रियल एस्टेट की मौजूदा स्थिति के बारे में गवरी ने कहा कि 2022 और 2025 के बीच मांग में आई तीव्र वृद्धि के बाद अब स्थिरता आ गई है।
गवरी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद प्राथमिक बाजार में घरों की कीमतें गिरेंगी नहीं, बल्कि धीमी गति से बढ़ेंगी।
कंपनी रियल एस्टेट कंपनियों की ओर से आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों की बिक्री में सहायता प्रदान करती है। यह कार्यालय और खुदरा स्थानों को पट्टे पर देने के कार्य से भी जुड़ी है।
भाषा रमण प्रेम
प्रेम

Facebook


