बिहार में 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के खातों में 1,157.72 करोड़ रुपये अंतरित

बिहार में 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के खातों में 1,157.72 करोड़ रुपये अंतरित

बिहार में 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के खातों में 1,157.72 करोड़ रुपये अंतरित
Modified Date: August 10, 2026 / 03:26 pm IST
Published Date: August 10, 2026 3:26 pm IST

पटना, 10 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को ‘पेंशन दिवस’ के अवसर पर राज्य के 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रति व्यक्ति 1,100 रुपये की दर से कुल 1,157.72 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि हस्तांतरित की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक, सभी जिलों के जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी जुड़े।

चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य के 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के बैंक खातों में 1,157.72 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।

उन्होंने कहा कि ‘पेंशन दिवस’ के अवसर पर वह सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के लिए पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि हस्तांतरित कर दी जाए। उन्होंने इसे पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का प्रमाण बताया।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और समाज के वंचित वर्गों के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि पेंशन का वितरण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से होता रहे, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

चौधरी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये किए जाने से लोगों के जीवन में बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि राज्य के 1.70 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है और इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च की जा रही है।

इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास आदि अधिकारी मौजूद थे।

भाषा कैलाश

राजकुमार अजय

अजय


लेखक के बारे में