रुपया नौ पैसे बढ़कर 95.28 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया नौ पैसे बढ़कर 95.28 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:45 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) पश्चिम एशिया में मंगलवार को भू-राजनीतिक तनाव कम होने के संकेतों के बीच विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ने से अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया नौ पैसे मजबूत होकर 95.28 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने से रुपये का लाभ सीमित रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.35 प्रति डॉलर पर खुला। यह 95.25 से 95.42 के दायरे में कारोबार करता रहा। अंत में यह 95.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की तेजी है।

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.37 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से वैश्विक जोखिम संबंधी धारणाओं में सुधार के चलते रुपये में मामूली सकारात्मक रुझान की उम्मीद है। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल रुपये पर उच्च स्तर का दबाव डाल सकते हैं।’’

चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.95 से 95.60 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत चढ़कर 100.02 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 2.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 86.05 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 210.08 अंक गिरकर 78,428.95 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 159.40 अंक टूटकर 24,614.90 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,446.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय