एटा (उप्र), चार अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जलेसर तहसील में बृज भूमि रिसोर्ट में मंगलवार को आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में उस समय अव्यवस्था फैल गई जब जलेसर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के संभावित दावेदार अपने समर्थकों के साथ मंच पर चढ़ने लगे।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के सामने शक्ति प्रदर्शन और फोटो खिंचवाने की होड़ के बीच मंच पर अफरा-तफरी और हॉल में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई । हालात संभालने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को कार्यकर्ताओं को मंच से हटने की चेतावनी देनी पड़ी।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंच पर बैठने या शक्ति प्रदर्शन करने से किसी को टिकट नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि टिकट पार्टी के नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करने, दलितों, शोषितों और पीड़ितों की मदद करने और बूथ स्तर पर संगठन और पार्टी मजबूत करने वाले कार्यकर्ताओं को मिलेगा।
श्यामलाल पाल ने अपने संबोधन में भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार में किसान, युवा और बेरोजगार परेशान हैं।
उन्होंने खाद की उपलब्धता, कीमतों और तौल से जुड़ीं किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया।
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब