रुपया 29 पैसे टूटकर 94.05 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर

Ads

रुपया 29 पैसे टूटकर 94.05 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 04:22 PM IST

मुंबई, 25 मार्च (भाषा) रुपया बुधवार को 29 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 94.05 (अस्थायी) पर आ गया। विदेशी पूंजी की भारी निकासी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से निवेशक चिंतित हैं।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, डॉलर के कमजोर रुख और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक धारणा के बावजूद स्थानीय मुद्रा को कोई राहत नहीं मिल सकी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.94 पर खुला। डॉलर के मुकाबले 93.86 से 94.08 की सीमा में कारोबार करने के बाद अंतत: यह 94.05 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 29 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 23 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.76 पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘… हमें उम्मीद है कि केंद्रीय बैंक चालू वित्त वर्ष में इसे 94 के स्तर पर रखने की कोशिश करेगा और संभवतः इसे 93.30 से 92.80 तक नीचे ले जाएगा। ’’

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93.25 से 94.25 के बीच रहने के आसार हैं।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.26 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स 1,205 अंक या 1.63 प्रतिशत चढ़कर 75,273.45 अंक पर जबकि निफ्टी 394.05 अंक या 1.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,306.45 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.97 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 8,009.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका निहारिका अजय

अजय

शीर्ष 5 समाचार