रुपया 44 पैसे टूटकर 95.70 प्रति डॉलर पर
रुपया 44 पैसे टूटकर 95.70 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 26 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में फिर से आई तेजी के बीच मंगलवार को रुपया 44 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.70 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मजबूत अमेरिकी मुद्रा और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी ने भी रुपये पर दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.43 के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान इसने 95.33 के ऊपरी एवं 95.76 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में यह 95.70 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 44 पैसे की गिरावट है।
सोमवार को रुपया 34 पैसे मजबूत होकर 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा पश्चिम एशिया में सैन्य कार्रवाई की आशंका से रुपये में कमजोरी का रुख रह सकता है।’’
हालांकि, ऊंचे स्तर से कच्चे तेल के दाम में नरमी आने पर निचले स्तर पर रुपये को कुछ सहारा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि रुपये के 95.20 से 95.85 के दायरे में रहने की संभावना है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत टूटकर 99.05 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.43 प्रतिशत बढ़कर 99.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। यह तेजी अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ नए हमले की खबरों के बीच आई, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर समझौते की उम्मीदें कमजोर पड़ती दिखीं।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 479.26 अंक टूटकर 76,009.70 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 118 अंक फिसलकर 23,913.70 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 821.75 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


