रुपया छह पैसे टूटकर 96.36 प्रति डॉलर पर
रुपया छह पैसे टूटकर 96.36 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच रुपया सोमवार को छह पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 96.36 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका और ईरान संघर्ष बढ़ने और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि से रुपये पर दबाव रहा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 96.53 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.35 से 96.53 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट है।
रुपया शुक्रवार को 12 पैसे की बढ़त के साथ 96.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष बढ़ने तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में नकारात्मक रुख रहने के आसार हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि, दोनों देशों के बीच कूटनीतिक वार्ता रुपये में तेज गिरावट को रोक सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का संभावित हस्तक्षेप भी निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकता है।’’
चौधरी ने बताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 96.10 से 96.70 के दायरे में रहने का अनुमान है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव के कारण ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में हालिया तेजी से भारतीय रुपये सहित उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव पड़ा है।
उन्होंने साथ ही कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के आक्रामक और अनुमानित हस्तक्षेप ने रुपये में गिरावट को प्रभावी ढंग से सीमित किया है।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 442.93 अंक टूटकर 77,708.52 अंक पर और एनएसई निफ्टी 95.80 अंक की गिरावट के साथ 24,238.50 अंक पर बंद हुआ।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.81 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 88.11 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 1,121.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


