कच्चे तेल में तेजी से रुपया 13 पैसे टूटकर 95.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

Ads

कच्चे तेल में तेजी से रुपया 13 पैसे टूटकर 95.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 08:59 PM IST

मुंबई, 10 अगस्त (भाषा) मजबूत डॉलर और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच सोमवार को रुपया 13 पैसे कमजोर होकर 95.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, पश्चिम एशिया वार्ता में कोई प्रगति नहीं होने और डॉलर में मजबूती से स्थानीय मुद्रा पर दबाव रहा। हालांकि, विदेशी निवेशकों के प्रवाह ने रुपये को थोड़ा सहारा दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.18 पर खुला और कारोबार के दौरान 95.18 से लेकर 95.32 के दायरे में कारोबार करता रहा। अंत में यह 95.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले सत्र के मुकाबले 13 पैसे की गिरावट है।

रुपया पिछले कारोबारी सत्र में शुक्रवार को 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, “रुपया पिछले सत्र के स्तर से मामूली कमजोर हुआ है। ब्रेंट क्रूड के 84 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जाने और व्यापार घाटे पर इसके संभावित असर के कारण दबाव बना। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेश का सकारात्मक प्रवाह अगस्त में भी जारी होने से रुपये को सहारा मिल रहा है।”

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “अमेरिका एवं ईरान के बीच समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आए उछाल से सोमवार को रुपया कमजोर हुआ। निचले स्तर से डॉलर के मजबूत होने का भी असर पड़ा, लेकिन घरेलू शेयर बाजार की मजबूती ने गिरावट को सीमित रखा।”

चौधरी ने कहा कि इस सप्ताह अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़े आने से पहले कारोबारी सतर्क रह सकते हैं और डॉलर एवं रुपये की विनिमय दर 95 से 95.60 के दायरे में रह सकती है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत बढ़कर 99.66 पर था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84.35 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 43.27 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 78,542.44 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,583.80 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 1,974.76 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

भाषा राजेश

राजेश पाण्डेय

पाण्डेय