मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) आयातकों की तरफ से अमेरिकी डॉलर की मांग आने और मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव के बीच रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे टूटकर 90.70 रुपये प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये में हल्का नकारात्मक रुख है। आयातकों की ओर से डॉलर की मांग भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाल रही है। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के निवेश प्रवाह से रुपये को समर्थन मिल सकता है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.56 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 90.46 के ऊपरी और 90.75 के निचले स्तर तक गया। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव 90.56 के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 90.70 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
मंगलवार को रुपया शुरुआती गिरावट से उबरकर 10 पैसे की बढ़त के साथ 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “आयातकों की डॉलर मांग आने और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपया कमजोर हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी दबाव बनाया। हालांकि, कमजोर अमेरिकी डॉलर और विदेशी निवेश प्रवाह ने गिरावट को सीमित रखा। अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार और खुदरा बिक्री आंकड़ों के निराशाजनक रहने से डॉलर में कमजोरी आई।”
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिरकर 96.54 पर आ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.44 प्रतिशत बढ़कर 69.78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि शेयर बाजार ने शुरुआत में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का स्वागत किया था, लेकिन अमेरिकी प्रशासन की तरफ से समझौते की आधिकारिक रूपरेखा जारी होने के बाद नई चिंताएं उभरकर सामने आई हैं।
इस दस्तावेज के मुताबिक, व्यापार समझौते में भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं पर शुल्क हटाएगा या कम करेगा। इसके साथ ही अमेरिका के खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रेणी पर भी शुल्क में कटौती की जाएगी।
इसके अलावा, भारत ने अमेरिका से ऊर्जा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की 500 अरब डॉलर से अधिक की खरीद की प्रतिबद्धता भी जताई है।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 40.28 अंक गिरकर 84,233.64 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 18.70 अंक की बढ़त के साथ 25,953.85 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय