रुपया दो पैसे टूटकर 95.76 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया दो पैसे टूटकर 95.76 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 04:15 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 04:15 PM IST

मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) रुपया बुधवार को दो पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.76 (अस्थायी) पर रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में तेज गिरावट से रुपये पर और दबाव पड़ा, जबकि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप तथा विदेशी पूंजी के प्रवाह से उसे कुछ समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.72 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 95.72 से 95.76 के सीमित दायरे में रहा। अंत में यह 95.76 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट है।

रुपया मंगलवार को 13 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.74 पर बंद हुआ था।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी. के. विजयकुमार ने कहा, ‘‘ कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड पर मजबूत प्रतिफल के कारण डॉलर के मुकाबले रुपया मामूली कमजोर हुआ है। जब तक कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहेंगी, रुपया मामूली कमजोर बना रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि रुपये में तेज गिरावट की गुंजाइश नहीं है क्योंकि भारत के पास पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार है और विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) योजना के तहत पूंजी प्रवाह उम्मीद से काफी बेहतर रहा है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत बढ़कर 99.85 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 325.78 अंक यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर 76,909.68 अंक पर जबकि निफ्टी 76.60 अंक यानी 0.32 प्रतिशत फिसलकर 24,078.30 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.92 प्रतिशत बढ़कर 91.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,651.53 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

भाषा निहारिका अजय

अजय