जयपुर साहित्य महोत्सव के अमेरिका, कनाडा संस्करणों में वैश्विक लेखक शामिल होंगे

Ads

जयपुर साहित्य महोत्सव के अमेरिका, कनाडा संस्करणों में वैश्विक लेखक शामिल होंगे

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 04:06 PM IST

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क, 19 अगस्त (भाषा) जयपुर साहित्य महोत्सव (जेएलएफ) के अमेरिका और कनाडा संस्करणों में अगले महीने सात शहरों में 100 से अधिक वैश्विक हस्तियां एक मंच पर जुटेंगी। इनमें लेखक एवं नेता शशि थरूर तथा पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित लेखक काई बर्ड भी शामिल हैं।

जयपुर साहित्य महोत्सव हर साल राजस्थान के जयपुर में आयोजित होने वाला एक साहित्यिक कार्यक्रम है। इसके अंतरराष्ट्रीय संस्करण ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, उत्तरी अमेरीका, आयरलैंड, ब्रिटेन और पश्चिम एशिया में आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य दक्षिण एशियाई साहित्यिक परंपराओं और स्थानीय संस्कृतियों को एक साथ लाते हुए दुनियाभर के दर्शकों तक इस महोत्सव की भावना को पहुंचाना है।

जेएलएफ अमेरिका की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार, जेएलएफ अमेरिका और जेएलएफ टोरंटो 11 सितंबर से चार अक्टूबर तक नॉर्थ कैरोलिना, लॉस एंजिलिस, सिएटल, कोलोराडो, टोरंटो, न्यूयॉर्क और ह्यूस्टन में आयोजित किए जाएंगे।

बयान के अनुसार महोत्सव में 100 से अधिक लेखकों, विचारकों, इतिहासकारों, कलाकारों और उद्यमियों के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्रौद्योगिकी, भू-राजनीति, इतिहास, जलवायु परिवर्तन, प्रवासन और भोजन जैसे विषयों पर चर्चा में भाग लेने की उम्मीद है।

प्रमुख वक्ताओं में शशि थरूर, काई बर्ड, फिल्म निर्माता शेखर कपूर, बुकर पुरस्कार विजेता लेखक यान मार्टेल, कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्राध्यापक महमूद ममदानी, लेखक सैम डेलरिम्पल, पूर्व राजनयिक एवं लेखिका लक्ष्मी पुरी, अर्थशास्त्री अरविंद सुब्रमण्यन और पुलित्जर पुरस्कार विजेता कवि विजय शेषाद्रि शामिल हैं।

सात शहरों में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम 11-13 सितंबर को नॉर्थ कैरोलिना से शुरू होगा। इसके बाद 14-16 सितंबर को लॉस एंजिलिस, 17-20 सितंबर को सिएटल, 22-23 सितंबर को कोलोराडो, 25-26 सितंबर को टोरंटो, 29-30 सितंबर को न्यूयॉर्क और दो-चार अक्टूबर को ह्यूस्टन में इसका आयोजन होगा।

लॉस एंजिलिस और टोरंटो पहली बार इस महोत्सव की मेजबानी करेंगे।

भाषा सुमित देवेंद्र

देवेंद्र