डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसा बढ़कर 94.15 पर

Ads

डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसा बढ़कर 94.15 पर

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 04:44 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 04:44 PM IST

मुंबई, 27 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को एक पैसे की मामूली बढ़त के साथ 94.15 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक अनिश्चितता, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित होने के बावजूद रुपया बढ़त में रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रुपया ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपनी शुरुआती गिरावट की भरपाई की, लेकिन कुल मिलाकर रुझान नकारात्मक बना हुआ है क्योंकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने घरेलू मुद्रा की बढ़त को सीमित कर दिया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.25 पर खुला। कारोबार के दौरान इसने डॉलर के मुकाबले 94.11 का ऊपरी स्तर और 94.28 का निचला स्तर छुआ।

रुपया अंत में 94.15 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सिर्फ एक पैसे की बढ़त है। रुपया शुक्रवार को 15 पैसे टूटकर 94.16 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ”क्षेत्रीय मुद्राओं में तेजी के साथ रुपये ने पांच सत्रों की गिरावट के सिलसिले को तोड़ दिया। हालांकि, बाजार में अभी भी आशंका का माहौल है। बाजार 94.30 के आसपास भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप और कच्चे तेल की उच्च कीमतों के लिए खुद को तैयार कर रहा है।”

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत गिरकर 98.32 पर था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 107.82 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण