रुपया पांच पैसे की बढ़त के साथ 83.32 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया पांच पैसे की बढ़त के साथ 83.32 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - December 6, 2023 / 04:31 PM IST,
    Updated On - December 6, 2023 / 04:31 PM IST

मुंबई, छह दिसंबर (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी के रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों के सतत पूंजी प्रवाह के बीच बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे की बढ़त के साथ 83.32 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में अमेरिकी मुद्रा में मजबूती से स्थानीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।

निवेशकों के भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति के फैसले से पहले सतर्क रहने से रुपये ने सीमित दायरे में ही कारोबार किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83.35 पर खुला। इसके बाद यह 83.37 से 83.29 प्रति डॉलर के बीच कारोबार करने के बाद अंत में 83.32 पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त है।

रुपया मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.37 पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.97 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 5,223.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका अजय

अजय