रुपया एक पैसे टूटकर 83.10 प्रति डॉलर के नये सर्वकालिक निचले स्तर पर
रुपया एक पैसे टूटकर 83.10 प्रति डॉलर के नये सर्वकालिक निचले स्तर पर
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 83.10 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अपने नये सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।
इस गिरावट का कारण घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी का रुख और विदेशी कोषों की निकासी था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने और अमेरिकी डॉलर में मजबूती का असर रुपये की धारणा पर पड़ा है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.03 पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.02 से 83.13 के दायरे में घूमने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव से एक पैसे टूटकर 83.10 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 83.09 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत घटकर 103.46 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.32 प्रतिशत घटकर 83.85 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था।
बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, कमजोर घरेलू बाजारों और विदेशी कोषों की पूंजी बाजार से निकासी के कारण रुपये में मामूली गिरावट आई।
हालांकि, अमेरिकी डॉलर की नरमी ने गिरावट को कम कर दिया। युआन के 16 साल के निचले स्तर पर गिरने के बाद चीन के केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप से अमेरिकी डॉलर में नरमी आई।
वहीं बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 202.36 अंक की गिरावट के साथ 64,948.66 अंक पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 1,510.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


