बिड़ला कॉरपोरेशन का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 3.2 प्रतिशत घटकर 115.7 करोड़ रुपये पर
बिड़ला कॉरपोरेशन का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 3.2 प्रतिशत घटकर 115.7 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) एम पी बिड़ला समूह की कंपनी बिड़ला कॉरपोरेशन का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 3.2 प्रतिशत गिरकर 115.73 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने सीमेंट बिक्री से कम प्राप्ति और बिजली एवं ईंधन लागत में बढ़ोतरी को इसकी वजह बताया है।
बिड़ला कॉरपोरेशन ने शनिवार को शेयर बाजार को अप्रैल-जून तिमाही के वित्तीय नतीजे की सूचना दी। कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 119.57 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
हालांकि, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 7.8 प्रतिशत बढ़कर 2,646.45 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 2,454.22 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि बीती तिमाही के दौरान सीमेंट की कीमतों पर दबाव बना रहा। बाजार हिस्सेदारी के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण अप्रैल-मई में की गई मूल्य वृद्धि को जून में वापस लेना पड़ा।
बिड़ला कॉरपोरेशन का कुल खर्च जून तिमाही में 8.87 प्रतिशत बढ़कर 2,513.71 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी की सीमेंट कारोबार से आय चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 7.4 प्रतिशत बढ़कर 2,515.17 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 2,341.86 करोड़ रुपये थी।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


