मुंबई, 25 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 10 पैसे मजबूत होकर 94.45 पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख से रुपये को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, डॉलर की कमजोरी ने भी रुपये को समर्थन दिया। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.30 पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले यह 94.13 से 94.56 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव की तुलना में 10 पैसे अधिक है।
रुपया बुधवार को 21 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.55 पर बंद हुआ था।
‘मुहर्रम’ के मौके पर शुक्रवार को मुद्रा बाजार बंद रहेगा।
मिराए एसेट शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘जिंस कीमतों में गिरावट और अमेरिकी डॉलर में नरमी से रुपये में मजबूती आई। कच्चे तेल की कीमतों के घटने और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुझान ने भी रुपये को समर्थन दिया।”
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के कड़े रुख और डॉलर की समग्र मजबूती के कारण रुपये में कमजोर रुझान रहने की उम्मीद है। हालांकि, जिंस कीमतों में नरमी और मुद्रास्फीति को लेकर चिंताओं में कमी से निचले स्तर पर रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.57 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.76 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 109.25 अंक चढ़कर 77,100.47 अंक पर जबकि निफ्टी 34.35 अंक की बढ़त के साथ 24,056 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 383.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय