नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) वेदांता लि. ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने वित्त वर्ष 2025-26 में सरकारी खजाने में 62,722 करोड़ रुपये का योगदान दिया। यह इससे पिछले वर्ष की तुलना में 13.3 प्रतिशत अधिक है।
विभिन्न प्राकृतिक संसाधन और खनन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी वेदांता ने इससे पिछले वित्त वर्ष में अब तक का सर्वश्रेष्ठ वित्तीय प्रदर्शन हासिल किया था, जिसके बल पर सरकारी खजाने में यह योगदान दिया जा सका।
कंपनी की 11वीं कर पारदर्शिता रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में सरकारी खजाने में वेदांता का कुल योगदान 4,83,034 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने कहा, ‘‘यह योगदान उसके परिचालन से प्राप्त कुल एकीकृत आय का 36 प्रतिशत है, जो देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’’
वेदांता ने कहा कि बेहतर वित्तीय प्रदर्शन उसके कारोबार में मजबूत परिचालन के कारण रहा, जिसमें जस्ता-सीसा-चांदी, एल्यूमिनियम, तांबा, लौह अयस्क, इस्पात, बिजली, निकल, क्रोम तथा तेल एवं गैस शामिल हैं।
इसमें जस्ता का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिससे 19,053 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद एल्यूमिनियम से 15,788 करोड़ रुपये और तेल एवं गैस क्षेत्र से 11,697 करोड़ रुपये का योगदान रहा।
भाषा यासिर रमण
रमण