नॉटिंघम, 25 जून (एपी) टॉम लैथम के शतक और साथी सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे के साथ उनकी दोहरी शतकीय साझेदारी से न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को यहां चाय तक बिना विकेट खोए 213 रन बनाकर शानदार शुरुआत की।
लैथम (नाबाद 109) ने टॉस जीतकर ट्रेंट ब्रिज की सपाट पिच पर बल्लेबाजी का फैसला किया और कॉनवे (नाबाद 94) के साथ पहले विकेट के लिए अटूट साझेदारी करके न्यूजीलैंड को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पिछली चार पारियों में सिर्फ 34 रन बनाने वाले कप्तान लैथम ने गेंदबाजों पर हावी होकर खेला जबकि आठवें टेस्ट शतक की ओर बढ़ रहे कॉनवे को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
यह इंग्लैंड में टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की ओर से पहले विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। यह टेस्ट इतिहास में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों की सातवीं 200 या इससे अधिक रन की साझेदारी है।
अनुशासनात्मक कारणों से दूसरे टेस्ट से बाहर किए जाने के बाद नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की इंग्लैंड टीम में वापसी हुई है। स्टोक्स ने अब तक 11 ओवर गेंदबाजी की है लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
मेजबान टीम ने ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को 11वें ओवर में गेंदबाजी के लिए बुलाया और बीबीसी के अनुसार 1961 के बाद से ऐसा सिर्फ एक बार हुआ है जब इंग्लैंड के किसी स्पिनर ने घरेलू टेस्ट में इतनी जल्दी गेंदबाजी की हो।
बशीर को 71 रन के निजी स्कोर पर कॉनवे का विकेट मिल जाता लेकिन इंग्लैंड ने पगबाधा की अपील ठुकराए जाने के बाद डीआरएस का सहारा नहीं लिया। टीवी रीप्ले में हालांकि दिखा कि अगर इंग्लैंड डीआरएस लेता तो कॉनवे को पवेलियन लौटना पड़ता क्योंकि गेंद विकेटों से टकरा रही थी।
नॉटिंघम में मौसम अहम भूमिका निभा सकता है जहां तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जो असमान्य है।
पिछले हफ्ते ओवल में हुए दूसरे टेस्ट में 253 रन की जीत दर्ज करने वाले न्यूजीलैंड को मैच से पहले झटका लगा जब तेज गेंदबाज मैट हेनरी और मध्यक्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स चोटों के कारण मैच से बाहर हो गए। तेज गेंदबाज काइल जेमीसन को पीठ की हालिया समस्याओं के कारण आराम दिया जाना पहले से तय था।
लैथम और कॉनवे की बदौलत मेहमान टीम ने लय बनाए रखी। दोनों ने 26वें ओवर में शतकीय और 51वें ओवर में दोहरी शतकीय साझेदारी पूरी की।
एपी सुधीर आनन्द
आनन्द