रुपया दो पैसे मजबूत होकर 95.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया दो पैसे मजबूत होकर 95.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 09:49 PM IST

मुंबई, 17 सितंबर (भाषा) रुपये में सात दिन से जारी गिरावट पर बृहस्पतिवार को विराम लगा और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 95.89 पर बंद हुआ। बैंकों की भारी डॉलर बिकवाली से रुपया शुरुआती कारोबार में 96 रुपये प्रति डॉलर के स्तर से नीचे जाने के बाद संभल गया और अंत में बढ़त के साथ बंद हुआ।

इसके साथ ही रुपये में लगातार सात दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थमा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.88 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह गिरकर 96.10 के स्तर पर आ गया। यह 24 जुलाई के बाद पहली बार था जब रुपया 96 रुपये के स्तर को पार किया। बाद में बैंकों की डॉलर की बिकवाली बढ़ने से रुपया सुधरा और 95.78 के उच्च स्तर तक पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से डॉलर बिकवाली से रुपये को संभलने में मदद मिली। डॉलर सूचकांक और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट से भी रुपये को बल मिला।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को भारतीय रुपये में काफी उतार-चढ़ाव रहा। शुरुआत में यह फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और एशियाई मुद्रा के प्रति कमजोर धारणा के कारण दबाव में आ गया था। हालांकि, शुरुआती नुकसान थोड़े समय के लिए ही रहे क्योंकि केन्द्रीय बैंक ने डॉलर को बचाने के लिए दखल दिया, जिससे स्थानीय मुद्रा को मामूली बढ़त हासिल करने में मदद मिली।’’

रुपया बुधवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ 95.91 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले छह कारोबारी सत्रों में रुपये में कुल 148 पैसे यानी 1.4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी। चार सितंबर को रुपया 94.43 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति बताने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.92 पर रहा।

वैश्विक कच्चातेल मानक ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 1.29 प्रतिशत गिरकर 104.47 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 21.86 अंक यानी 0.03 प्रतिशत गिरकर 74,314.59 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 53.00 अंक या 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,270.60 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, , विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 3,208.76 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा योगेश रमण

रमण